यूपी होमगार्ड भर्ती के लिए अब तक सात लाख से अधिक उम्मीदवारों ने किया रजिस्ट्रेशन, 17 दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई UP HOME GAURD VACANCY

यूपी होमगार्ड भर्ती के लिए अब तक सात लाख से अधिक उम्मीदवारों ने किया रजिस्ट्रेशन, 17 दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सात लाख से अधिक युवा अपना पंजीकरण करा चुके हैं। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों को उम्मीद है कि होमगार्ड भर्ती के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 दिसंबर तक 20 लाख से अधिक आवेदन आएंगे।


अंतिम सप्ताह में ऑनलाइन पंजीकरण की संख्या में दो गुणा से अधिक वृद्धि होगी। बोर्ड ने छह माह में भर्ती की प्रक्रिया पूरी कराने का लक्ष्य रखा है। पंजीकरण 18 नवंबर को आरंभ हुआ था।

होमगार्ड की भर्ती पहली बार सिपाही भर्ती की तर्ज पर हो रही है, जिनमें 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। दारोगा भर्ती की तरह सभी अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कराना भी अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह दिसंबर को होमगार्ड के 63वें स्थापना दिवस समारोह में होमगार्ड जवानों काे भी उपचार के लिए कैशलेस सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की थी। वर्तमान में होमगार्ड जवानों के लगभग 44 हजार पद रिक्त हैं।

पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर सभी 75 जिलों में होमगार्ड के पंजीकरण (पुरुष/महिला) के लिए पदों का श्रेणीवार विवरण जारी किया है। होमगार्ड जवानों को उनके गृह जनपद में ही ड्यूटी करने का अवसर मिलेगा।

कानपुर नगर में सर्वाधिक 1947, लखनऊ में 1371, आगरा में 1232, प्रयागराज में 1219 हरदोई में 1072 व वाराणसी 1004 होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती होगी। पंजीकरण के लिए कोई भी अभ्यर्थी उसी जिले के लिए आवेदन कर सकता है, जिसका वह मूल निवासी है। पंजीकरण के बाद लिखित परीक्षा होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post